उप विकास आयुक्त-सह-प्रभारी जिलाधिकारी, भागलपुर श्री प्रदीप कुमार सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री शुभांक मिश्रा ने रक्साडीह बस स्टैंड का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य बस स्टैंड परिसर में संचालित गतिविधियों की समीक्षा, यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं का आकलन तथा प्रस्तावित बस स्टैंड स्थानांतरण की प्रगति की स्थिति का जायजा लेना था।
निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं, यातायात दबाव एवं यात्रियों को होने वाली परेशानियों पर गंभीर चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रक्साडीह बस स्टैंड को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं यात्रियों के अनुकूल बनाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त यात्री शेड, स्थायी टिकट काउंटर, स्वच्छ शौचालय एवं बसों तथा यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही हेतु समतलीकरण जैसी व्यवस्थाओं पर कार्य योजनाएं तैयार की जा रही हैं। संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि सभी संरचनात्मक कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं।
बस स्टैंड क्षेत्र में ऑटो, ई-रिक्शा जैसे तीन पहिया वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर सख्त नियंत्रण लगाने का भी निर्णय लिया गया है। इसके तहत निर्धारित स्टैंड, तय रूट एवं सरकारी किराया दर को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। नगर पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा उठाए गए इन कदमों के परिणामस्वरूप यातायात व्यवस्था में सुधार, जाम की समस्या में कमी तथा यात्रियों को राहत मिलने लगी है। अधिकारियों ने बताया कि बस स्टैंड स्थानांतरण की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे भविष्य में शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा, स्वच्छता एवं यातायात प्रबंधन को लेकर निरंतर निगरानी रखी जाएगी और आम जनता की सुविधा के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।