इस्माइलपुर (भागलपुर):
क्षेत्रीय उप शिक्षा निदेशक (RDDE) एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) ने इस्माइलपुर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय सुदानटोला का संयुक्त निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय प्रबंधन, शैक्षणिक गुणवत्ता तथा छात्र कल्याण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा करना था।
निरीक्षण की शुरुआत RDDE द्वारा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांच से की गई। उन्होंने विद्यालय की रसोई का विस्तार से निरीक्षण करते हुए स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और साफ-सफाई के मानकों को सख्ती से बनाए रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही विद्यालय के शौचालयों की स्थिति का भी बारीकी से अवलोकन किया गया।
इसके बाद RDDE ने प्रधानाध्यापक के कार्यालय में उपलब्ध प्रशासनिक अभिलेखों की समीक्षा की तथा कक्षाओं में जाकर शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वे छात्रों से सीधे संवाद करते नजर आए और उनसे पढ़ाई से जुड़े प्रश्न पूछे। उन्होंने “पीयर लीडर्स” की भूमिका को रेखांकित करते हुए छात्रों को प्रेरित किया कि वे पढ़ाई में पिछड़ रहे सहपाठियों की सहायता करें।
इस अवसर पर INVOLVE इन्वॉल्व लर्निंग सॉल्यूशंस फाउंडेशन से राहुल दां, सोनी झा, कबिता एवं चंद्र प्रताप, साथ ही लेखापाल आशीष मिश्रा तथा एमडीएम बीआरपी पारस भी उपस्थित रहे।
विद्यालय निरीक्षण के उपरांत RDDE ने प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) में इस्माइलपुर प्रखंड के सभी प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक विद्यालय में दिन की शुरुआत सकारात्मक “चेतना सत्र” से की जाए और विद्यालय सुधार के लिए व्यावहारिक एवं प्रभावी उपायों को धरातल पर उतारा जाए।
बीआरसी परिसर में संपन्न यह बैठक और व्यापक निरीक्षण प्रखंड भर में शैक्षणिक मानकों को सुदृढ़ करने तथा छात्र कल्याण को प्राथमिकता देने के प्रति शिक्षा प्रशासन की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। REPORT:- OMBGP